प्रेस क्लब गूँज रहा गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से,महाआरती, भोग-प्रसाद और भजनों से गूंजा परिसर, सामाजिक संगठनों की रही सहभागिता
बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब में इस बार गणेश उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। भगवान श्री गणेश की स्थापना के बाद से ही प्रेस क्लब परिसर में लगातार धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को गणेश उत्सव के दसवें दिन प्रेस क्लब परिसर में महाआरती, भोग-प्रसाद वितरण और भजन संध्या का आयोजन हुआ। इस दौरान शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग, पत्रकार और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
भोग-प्रसाद के लिए उमड़े श्रद्धालु
गणेश उत्सव के दसवें दिन भगवान श्री गणेश को भोग अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। भोग में खिचड़ी और फल का प्रसाद रखा गया। प्रेस क्लब परिसर में पहुंचे लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम तक भोग-प्रसाद वितरण का सिलसिला चलता रहा।
भजनों से गूंजा प्रेस क्लब परिसर
मंगलवार शाम प्रेस क्लब में भक्ति का अलग ही रंग देखने को मिला। सतीश पाठक की रामायण टोली ने भगवान श्री गणेश के समक्ष धार्मिक भजनों और प्रस्तुतियों की शुरुआत की। शाम करीब चार बजे शुरू हुआ यह कार्यक्रम रात करीब नौ बजे तक चला।रामायण टोली के कलाकारों ने भगवान श्री गणेश सहित विभिन्न धार्मिक भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। भजनों की धुन पर श्रद्धालु भक्तिभाव में झूमते नजर आए। पूरे परिसर में भक्ति और जयकारों का माहौल बना रहा। उपस्थित लोगों ने सतीश पाठक और उनकी पूरी टोली की प्रस्तुतियों की सराहना की।
सामाजिक संगठनों ने की महाआरती
गणेश उत्सव के दौरान प्रेस क्लब में प्रतिदिन अलग-अलग समाजसेवियों और सामाजिक संगठनों को महाआरती में शामिल होने का अवसर मिल रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को भी शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता महाआरती में शामिल हुए।श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती की और सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। महाआरती के दौरान प्रेस क्लब परिसर भक्तिमय वातावरण से भर गया।
सतीश पाठक की रामायण टोली का सम्मान
कार्यक्रम के समापन अवसर पर बिलासपुर प्रेस क्लब की ओर से सतीश पाठक और उनकी रामायण टोली का सम्मान किया गया। प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी एवं कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव ने टोली के सदस्यों को श्रीफल और गमछा भेंट कर सम्मानित किया।
गणेश उत्सव के इस आयोजन ने प्रेस क्लब परिसर को न सिर्फ भक्ति का केंद्र बनाया, बल्कि पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों को एक साथ जोड़ने का अवसर भी दिया।कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, कोषाध्यक्ष किशोर सिंह, सहसचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव, पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा, वीरेंद्र गहवई, वरिष्ठ पत्रकार गणेश विश्वकर्मा, केके शर्मा, शिव तिवारी, प्रिय दुबे, राकेश मिश्रा, मनोज दुबे, ऋतु साहू, तीरथ लहरे, नारायण नोनिया, मोहम्मद इजराइल, अप्पू नवरंग, संतोष मिश्रा, सदाब खान, प्रवीण सिंह, रविन्द्र विश्वकर्मा, जफर आगा, अमन सिंह, शेयज कुमार, वासु तिवारी, प्रियंका सिंह, नीरज शुक्ल, ललित गोपाल, शशि मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।






