गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में लगातार चोरी से भड़के छात्र, रजिस्ट्रार से नहीं हुई मुलाकात तो गेट का ताला तोड़कर की नारेबाजी; ₹50 लाख की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, बड़े आंदोलन की चेतावनी!
बिलासपुर के गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही को लेकर छात्रों का आक्रोश देखने को मिला। सोमवार को छात्र प्रतिनिधि अपनी मांगों को लेकर रजिस्ट्रार को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे।छात्रों के मुताबिक, विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग से करीब पांच कंप्यूटर, की-बोर्ड और माउस चोरी हो गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई जा रही है। छात्रों का कहना है कि इससे पहले भी
विश्वविद्यालय में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पूर्व में गठित फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है।छात्रों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद रजिस्ट्रार उनसे मिलने बाहर नहीं आईं। इसके बाद नाराज छात्रों ने विश्वविद्यालय के गेट पर लगे ताले और चैनल गेट को तोड़कर जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे राजेंद्र मेहता ने छात्रों को शांत कराया और उनका आवेदन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।इस दौरान छात्र नेता अवनीश पांडेय ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सुरक्षा के नाम पर करीब 50 लाख रुपये खर्च होने की बात कही जाती है, इसके बावजूद परिसर में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने पूर्व में हुई एक छात्र की दुखद मृत्यु का मुद्दा उठाते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर
भी सवाल किए।छात्रों ने मांग की है कि चोरी की सभी घटनाओं की निष्पक्ष जांच हो, पुरानी जांच कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।वहीं छात्र प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द उचित कदम नहीं उठाता है, तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा घेराव और आंदोलन किया जाएगा।
विश्वविद्यालय में लाखों रुपये की सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद आखिर लगातार चोरी की घटनाओं पर लगाम क्यों नहीं लग पा रही है?




