MSP बढ़ा, लेकिन किसानों की सहायता घटी! ₹3,100 के धान के दावे पर विजय केशरवानी ने सरकार से मांगा हिसाब, प्रति एकड़ ₹5,418 के अंतर और खरीदी केंद्रों की लिमिट पर उठाए सवाल
बिलासपुर।धान खरीदी और किसानों को मिलने वाली सहायता राशि को लेकर कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले तीन वर्षों में धान का MSP ₹258 प्रति क्विंटल बढ़ाया, लेकिन ₹3,100 की घोषित कुल दर से तुलना करने पर राज्य की अंतर सहायता ₹917 से घटकर ₹659 रह गई। ऐसे में किसानों को MSP में हुई बढ़ोतरी का अतिरिक्त लाभ क्यों नहीं मिल रहा है, सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।केशरवानी ने कहा कि वर्तमान में सामान्य धान का MSP ₹2,441 प्रति क्विंटल है। ₹3,100 की घोषित दर से इसका अंतर ₹659 होता है। 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से किसानों को ₹13,839 की सहायता का गणित बताया जा रहा है। वहीं, वर्ष 2023-24 में यह अंतर ₹917 प्रति क्विंटल था। यदि पुराना अंतर बरकरार रहता, तो तुलनात्मक गणना के अनुसार किसानों को प्रति एकड़ ₹5,418 अधिक मिल सकते थे।पुरानी और वर्तमान अंतर सहायता के आधार पर की गई तुलनात्मक गणना है। सरकार को बताना चाहिए कि MSP में केंद्र की ओर से हुई बढ़ोतरी का अतिरिक्त लाभ किसानों को अलग से क्यों नहीं मिल रहा है।
विजय केशरवानी ने कृषक उन्नति योजना की पात्रता, सत्यापित रकबे और भुगतान की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को सहायता देने की घोषणा तो कर रही है, लेकिन योजना का वास्तविक लाभ किन किसानों को मिलेगा और भुगतान कब होगा, इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
धान खरीदी केंद्रों की सीमित दैनिक खरीदी क्षमता और टोकन व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। केशरवानी के मुताबिक, कई केंद्रों में पर्याप्त टोकन नहीं मिलने और खरीदी की कम लिमिट के कारण किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान हो रहे हैं। किसानों ने खेती के लिए कर्ज लिया है और धान बेचकर उन्हें कर्ज चुकाने के साथ अगली फसल की तैयारी भी करनी है। ऐसे में खरीदी में देरी उनकी आर्थिक परेशानी बढ़ा सकती है।
केशरवानी ने सरकार से खरीदी केंद्रों की दैनिक लिमिट बढ़ाने, पर्याप्त टोकन जारी करने और निर्धारित समय में प्रत्येक पात्र किसान का पूरा धान खरीदने की मांग की। साथ ही मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों की कृषि परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सहायता व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की बात कही।केशरवानी ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी। जरूरत पड़ने पर पूरे बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में व्यापक किसान जनआंदोलन भी किया जाएगा।




