शहर में गंदे पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस का निगम मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन, मटकी फोड़कर जताया विरोध
बिलासपुर। शहर में गंदे और दूषित पेयजल की समस्या को लेकर आज कांग्रेस पार्टी ने नगर निगम मुख्यालय में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा एवं पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने साथ बोतलों में भरकर गंदा पानी लाया और अधिकारियों को शहरवासियों की परेशानी से अवगत कराया। विरोध दर्ज कराने के लिए कार्यकर्ताओं ने निगम परिसर में मटकी फोड़कर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शहर के कई वार्डों में लंबे समय से दूषित और बदबूदार पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “स्वच्छ जल हमारा अधिकार” और “गंदा पानी देना बंद करो” जैसे नारे लगाए। नेताओं ने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध
कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है और इस मामले में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि यदि जल्द ही गंदे पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी जनहित में उग्र आंदोलन करेगी। वहीं पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शहरवासियों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान निगम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा।





