छठ महापर्व को लेकर अरपा तट पर तैयारियां तेज, कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने किया छठ घाट का निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
बिलासपुर में लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 13 से 16 नवंबर तक अरपा नदी स्थित छठ घाट पर छठ महापर्व का आयोजन किया जाएगा। पर्व के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम ने व्यवस्थाएं दुरुस्त करना शुरू कर दिया है।इसी कड़ी में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने छठ घाट का निरीक्षण किया और आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने घाट की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, शौचालय और श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।वहीं नदी में गहरे पानी वाले स्थानों पर श्रद्धालुओं को जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग, सुरक्षा संकेतक और आपातकालीन सहायता की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।इधर एसएसपी रजनेश सिंह ने छठ पर्व के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घाट के प्रवेश और निकास मार्गों पर पुलिस की निगरानी, पार्किंग व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की बात कही।आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने बताया कि प्रशासन
और नगर निगम के सहयोग से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समिति के स्वयंसेवक भी श्रद्धालुओं की सहायता और मार्गदर्शन के लिए तैनात रहेंगे।कुल मिलाकर, अरपा तट पर छठ महापर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।







