देवरीखुर्द में कल निकलेगी मां दुर्गा की भव्य चुनरी यात्रा, सैकड़ों श्रद्धालु होंगे शामिल
बिलासपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर बिलासपुर के देवरीखुर्द क्षेत्र में सोमवार को मां दुर्गा की भव्य चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। इस वर्ष जिले की पहली चुनरी यात्रा के रूप में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और श्रद्धालु शामिल होंगे।धर्म जागरण मंच के जिला संयोजक बीपी सिंह के अनुसार, चुनरी यात्रा की शुरुआत सोमवार दोपहर गदा चौक से होगी। यात्रा से पहले गदा चौक पर हवन-पूजन किया जाएगा। इसके बाद माता की चुनरी लेकर श्रद्धालु भक्तिमय माहौल में यात्रा पर निकलेंगे।यात्रा गदा चौक से शुरू होकर संत रविदास चौक, खाल्हेपारा, सतबहिनिया मंदिर और देवरीखुर्द मेन रोड से होते हुए वापस गदा चौक पहुंचेगी। पूरे मार्ग में श्रद्धालु माता का स्वागत करेंगे। घरों के सामने साफ-सफाई कर यात्रा के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।चुनरी यात्रा के दौरान भजन मंडलियां माता के भजनों की प्रस्तुति देंगी। वहीं, जगह-जगह फल, चाय और पानी के स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा की जाएगी। संत रविदास चौक और खाल्हेपारा में भक्त माता की चुनरी का स्वागत करेंगे। इसके साथ ही सतबहिनिया मंदिर में माता की आरती और पुष्प वर्षा कर श्रद्धालु अपनी आस्था प्रकट करेंगे।इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए धर्म जागरण समन्वय की प्रांत, जिला, नगर और महिला टोली के कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समाजों के प्रमुखों की भी सहभागिता रहेगी।बीपी सिंह ने कहा कि चुनरी यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक आस्था का प्रतीक है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।नवरात्रि के इस पावन अवसर पर देवरीखुर्द में निकलने वाली चुनरी यात्रा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रंगने वाला है।





