सीपत में हाइवा का उठा डाला बना मुसीबत, छत्तीसगढ़ शासन के बोर्ड से टकराया… बाजू में RTO ऑफिस, अब कार्रवाई कौन करेगा?
बिलासपुर के सीपत में सोमवार शाम एक अजीबोगरीब हादसा सामने आया, जहां हाइवा का उठा हुआ डाला सड़क के ऊपर लगे छत्तीसगढ़ शासन के बड़े बोर्ड से जा टकराया। टक्कर से बोर्ड क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर झुक गया और सीपत-बिलासपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हाइवा क्रमांक CG 10 C 9445 का चालक वाहन लेकर सीपत की ओर आ रहा था। बताया जा रहा है कि गेयर की जगह लीवर का बटन दब जाने से हाइवा का पिछला डाला ऊपर उठ गया। हैरानी की बात यह रही कि चालक को इसकी भनक तक नहीं लगी और वह काफी दूर तक उठे हुए डाले के साथ ही वाहन चलाता रहा।आखिरकार सीपत शराब भट्ठी के सामने सड़क के ऊपर लगे छत्तीसगढ़ शासन के बोर्ड से हाइवा का डाला टकरा गया। हादसे में बोर्ड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बोर्ड सड़क की ओर झुकने और भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से सीपत-बिलासपुर मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ देर के लिए भारी वाहनों का आवागमन भी बंद हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को
परेशानी का सामना करना पड़ा।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने सीपत पुलिस को जानकारी दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। रात करीब 8 बजे हाइड्रा मशीन मंगवाई गई, जिसके जरिए क्षतिग्रस्त बोर्ड को हटाने और यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया गया।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस मामले में कार्रवाई कौन करेगा? खास बात यह है कि घटनास्थल से थोड़ी हि दूरी पर आरटीओ यानी परिवहन विभाग का कार्यालय भी मौजूद है। ऐसे में क्या आरटीओ विभाग हाइवा चालक और वाहन के दस्तावेजों की जांच कर कार्रवाई करेगा? या फिर सरकारी बोर्ड क्षतिग्रस्त होने के मामले में पीडब्ल्यूडी विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कार्रवाई करेगा? क्या सीपत पुलिस भी इस मामले में कोई कानूनी कदम उठाएगी?
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।





