करोड़ों की ठगी के आरोपी दीपक टंडन को बिलासपुर पुलिस ने रायपुर से किया गिरफ्तार, होटल सील होने के बाद अब पुलिस की कार्रवाईभ्रामक समाचार प्रसारित करने की शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई, पूछताछ के लिए एक दिन की रिमांड पर लिया
बिलासपुर। राष्ट्रीय जगत पहल और राष्ट्रीय जगत विजन ग्रुप के प्रबंध संपादक मनी शंकर पांडे के खिलाफ कथित तौर पर तथ्यहीन और भ्रामक समाचार प्रसारित करने के मामले में बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कथित होटल व्यवसायी दीपक अंबेडकर टंडन को रायपुर के एक पॉश अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया है।जानकारी के मुताबिक, आरोपी पर पहले से ही धोखाधड़ी, ठगी और फर्जीवाड़े से जुड़े कई मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। गुरुवार रात बिलासपुर पुलिस ने रायपुर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। शुक्रवार को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए एक दिन की रिमांड हासिल की।
मनी शंकर पांडे की शिकायत पर हुई कार्रवाई
बताया जा रहा है कि दीपक टंडन ने एक न्यूज पोर्टल के माध्यम से मनी शंकर पांडे और उनके संस्थान के खिलाफ कथित तौर पर भ्रामक एवं तथ्यहीन समाचार प्रसारित किए थे। इसे लेकर मनी शंकर पांडे ने बिलासपुर पुलिस से शिकायत की थी। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर रायपुर से उसे गिरफ्तार किया।
नगर निगम ने होटल वेलकम श्री को किया था सील
दीपक टंडन का नाम रायपुर में होटल वेलकम श्री को लेकर भी चर्चा में रहा है। जानकारी के अनुसार, होटल पर लाखों रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया होने के चलते नगर निगम ने नोटिस जारी किए थे। बकाया राशि जमा नहीं होने पर निगम ने होटल को सील करने की कार्रवाई की थी।
महिला डीएसपी से जुड़े मामले में भी जांच
आरोपी पर डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद में सोशल मीडिया पर कथित फर्जी चैट और तस्वीरें प्रसारित करने के आरोप भी लगे हैं। इस मामले में भी जांच की जानकारी सामने आई है।
ठगी के कई मामलों में नाम आने का दावा
दीपक टंडन के खिलाफ जमीन, कोयला कारोबार, नौकरी लगाने और अन्य व्यावसायिक लेनदेन के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज होने की जानकारी है। इनमें जमीन के नाम पर 62 लाख रुपये, कोयला कारोबार के नाम पर लाखों रुपये और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के आरोप शामिल हैं।इसके अलावा उसकी पत्नी के खिलाफ भी 42 लाख रुपये के चेक बाउंस से संबंधित न्यायालयीन परिवाद दर्ज होने की जानकारी दी गई है
अब पुलिस खंगालेगी पूरे नेटवर्क की कड़ियां
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच में उसके कथित सहयोगियों, आर्थिक लेनदेन और भ्रामक समाचार प्रसारित करने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना है।फिलहाल आरोपी एक दिन की पुलिस रिमांड पर है। अब देखना होगा कि पूछताछ में इस पूरे मामले से जुड़े और कौन-कौन से नाम सामने आते हैं।





