बेलतरा विधायक के हाथों होगा मेडिकल शॉप और जनऔषधि केंद्र का शुभारंभ, लेकिन स्थानीय पार्षद को आमंत्रण नहीं?
बिलासपुर के अपोलो चौक स्थित लिंगियाडीह में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा द्वारा नवनिर्मित रेडक्रॉस मेडिकल शॉप एवं प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र का शुभारंभ आज 4 नवंबर को शाम 6 बजे किया जाएगा।
कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि नगर निगम बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। इसके साथ ही मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट आरोग्य की भी शुरुआत की जाएगी।
लेकिन इस आयोजन को लेकर अब एक दूसरा सवाल भी सामने आ रहा है। दरअसल, जिस वार्ड में यह मेडिकल शॉप और जनऔषधि केंद्र स्थापित किया जा रहा है, वहां के स्थानीय पार्षद दिलीप पाटिल हैं, जो वार्ड क्रमांक 52 से कांग्रेस के पार्षद हैं।
हैरानी की बात यह है कि कार्यक्रम के लिए जारी आमंत्रण पत्र में विधायक, महापौर सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के नाम शामिल हैं, लेकिन स्थानीय पार्षद दिलीप पाटिल का नाम नजर नहीं आ रहा है।
इसे लेकर स्थानीय लोगों के बीच नाराजगी की चर्चा है। लोगों का सवाल है कि जब किसी वार्ड में कोई महत्वपूर्ण विकास कार्य या जनसुविधा से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, तो वहां के निर्वाचित पार्षद को आमंत्रित करना क्या उचित नहीं होता?सवाल यह भी है कि क्या जनहित से जुड़े ऐसे आयोजनों में जनप्रतिनिधियों को राजनीतिक दल के आधार पर अलग-अलग देखा जाना चाहिए, या फिर स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के नाते सभी को समान सम्मान मिलना चाहिए?हालांकि, इस मामले में यह स्पष्ट होना बाकी है कि पार्षद को औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया है या नहीं। लेकिन आमंत्रण पत्र में उनका नाम नहीं होना निश्चित रूप से चर्चा का विषय बन गया है।





