नीरतू रेत घाट में नियमों को ताक पर रखकर मशीनों से उत्खनन, NGT के निर्देशों की उड़ रही धज्जियां; खनिज विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल
बिलासपुर में रेत के अवैध उत्खनन का मामला एक बार फिर सामने आया है। इस बार मामला नीरतू रेत घाट का है, जहां शासन से ठेका मिलने के बाद भी नियमों का खुलेआम उल्लंघन किए जाने के आरोप लग रहे हैं। नीरतू रेत घाट में रेत निकालने के लिए पोकलेन और जेसीबी जैसी भारी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। जबकि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल यानी NGT के पर्यावरण संरक्षण से जुड़े निर्देशों के तहत नदी के भीतर मशीनों से रेत उत्खनन पर प्रतिबंध है।

मशीनों के जरिए नदी की गहराई तक खुदाई किए जाने से नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।सबसे बड़ा सवाल खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर खड़ा हो रहा है। आखिर जिम्मेदार अधिकारियों की नजरों के सामने यदि नियमों का उल्लंघन हो रहा है, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या विभाग को इसकी जानकारी नहीं है या फिर जिम्मेदार अधिकारी जानबूझकर अनदेखी कर रहे हैं?इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों में नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन और खनिज विभाग से मामले की जांच कर मशीनों से हो रहे उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने और जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।अब देखना होगा कि नीरतू रेत घाट में चल रहे इस कथित नियम विरुद्ध उत्खनन पर खनिज विभाग कब तक कार्रवाई करता है, या फिर रेत का यह कारोबार इसी तरह जिम्मेदारों की खामोशी के बीच चलता रहेगा।





