छठ महापर्व की तैयारियां शुरू, तोरवा छठ घाट पर पूजा कार्यालय का विधिवत शुभारंभ; 13 नवंबर को मां अरपा की होगी महाआरती
बिलासपुर। आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ को लेकर बिलासपुर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार 1 नवंबर को अरपा नदी के तट पर स्थित तोरवा छठ घाट में मंगलाचरण और छठी मैया के जयकारों के बीच छठ पूजा समिति के कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। समाज के वरिष्ठजनों और समिति के पदाधिकारियों ने पूजा-अर्चना कर कार्यालय का उद्घाटन किया।बिलासपुर में पिछले 26 वर्षों से पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के सहयोग से सामूहिक रूप से छठ महापर्व मनाया जा रहा है। अब यह आयोजन किसी एक समाज तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे शहर की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है।कार्यालय शुभारंभ के साथ ही छठ घाट की साफ-सफाई, रंग-रोगन, पुल की पुताई, सजावट और विद्युत व्यवस्था की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। समिति द्वारा आयोजन की रूपरेखा तैयार कर पदाधिकारियों और सदस्यों के बीच जिम्मेदारियों का भी विभाजन किया गया है।समिति कार्यालय प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक खुला रहेगा, जहां स्थानीय और बाहर से आने वाले छठव्रतियों को आयोजन से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।इस वर्ष छठ महापर्व के अनुष्ठान 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होंगे। इसी दिन मां अरपा की महाआरती आयोजित की जाएगी। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को प्रातः अर्घ्य अर्पित
करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।हर वर्ष की तरह इस बार भी संध्या और प्रातः अर्घ्य के दौरान तोरवा छठ घाट पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। दीपों की रोशनी, छठ गीतों की गूंज और सूर्यदेव की उपासना से अरपा तट एक बार फिर आस्था के भव्य संगम में तब्दील होगा।कार्यालय शुभारंभ अवसर पर समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा, सचिव विनोद सिंह, डॉ. धर्मेंद्र कुमार दास, सुधीर झा, ए.के. कंठ, लव कुमार ओझा, राम प्रताप सिंह, रौशन सिंह, धनंजय झा, प्रशांत सिंह, हरिशंकर कुशवाहा, दिलीप चौधरी, राकेश दीक्षित, डॉ. कुमुद रंजन सिंह सहित समिति के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और संरक्षक मंडल के सदस्य मौजूद रहे।





