हर योग्य युवा को अवसर मिले, यही मेरे कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी : विश्व विजय सिंह तोमर

हर योग्य युवा को अवसर मिले, यही मेरे कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी : विश्व विजय सिंह तोमर

बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर शामिल हुए। प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा सहित कार्यकारिणी एवं पत्रकारों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में  संवाद के माध्यम से तोमर की जीवन यात्रा, राजनीति में प्रवेश, युवाओं की समस्याओं, रोजगार, खेल, नशा, एआई और करियर मार्गदर्शन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।विश्व विजय सिंह तोमर ने बताया कि वे मूलतः अंबिकापुर के रहने वाले हैं और छात्र जीवन से ही सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े रहे। विद्यार्थी परिषद से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने के बाद उन्होंने युवा मोर्चा में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं और नगर निगम पार्षद भी रहे। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं और उनके कार्यकाल के दो वर्ष पूरे हो चुके हैं।

इंजीनियरिंग का सपना नहीं हुआ पूरा तो छात्र राजनीति से जुड़े

राजनीति में प्रवेश को लेकर तोमर ने बताया कि वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और विचारों से प्रभावित थे। बारहवीं में गणित विषय से पढ़ाई करने के बाद उन्होंने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा दी थी, लेकिन आर्थिक परिस्थितियों के कारण बाहर जाकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई नहीं कर सके। इसके बाद कॉमर्स की पढ़ाई शुरू की और अटल जी से प्रभावित होकर छात्र राजनीति में कदम रखा।

युवाओं का एक साल खराब न हो, सरकार की प्रतिक्रिया जरूरी

युवा परीक्षा विवादों को लेकर उन्होंने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह थी कि किसी भी परिस्थिति में युवाओं का एक साल खराब नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने दोबारा परीक्षा आयोजित कराकर विद्यार्थियों के आगे की पढ़ाई का रास्ता साफ किया। उनका कहना था कि किसी घटना को पूरी तरह रोक पाना हमेशा संभव नहीं होता, लेकिन घटना के बाद शासन की प्रतिक्रिया और युवाओं का व्यवस्था पर विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है।

11 जिलों में युवाओं से सीधा संवाद

राज्य युवा आयोग की कार्यप्रणाली पर उन्होंने बताया कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जाकर युवाओं से सीधे संवाद किया जा रहा है। अब तक 11 जिलों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों में केवल राजनीतिक संगठनों से जुड़े युवाओं को ही नहीं, बल्कि मेधावी विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े युवाओं, पत्रकारिता एवं मीडिया के विद्यार्थियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी शामिल किया जा रहा है।

बेरोजगारी, पलायन और नशा बड़ी चुनौती

तोमर ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं होना चाहिए। कौशल विकास, स्वरोजगार और नए क्षेत्रों में प्रशिक्षण के जरिए रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। आईटीआई और अन्य प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की जरूरत है।उन्होंने नशे को गंभीर सामाजिक चुनौती बताते हुए कहा कि छोटे-छोटे गांवों तक नशीले पदार्थों की पहुंच चिंता का विषय है। इससे निपटने के लिए सरकार के साथ समाज को भी मिलकर काम करना होगा। युवाओं को खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।

एआई के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के युवाओं को तैयार करने पर जोर

युवा आयोग अध्यक्ष ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के बढ़ते प्रभाव पर भी बात की। उन्होंने कहा कि आने वाला समय नई तकनीकों का है और छत्तीसगढ़ के युवाओं को इसके लिए अभी से तैयार करना जरूरी है। उनका जोर इस बात पर है कि भविष्य में विशेषज्ञों के लिए केवल बड़े शहरों पर निर्भर रहने के बजाय प्रदेश के युवाओं को ही प्रशिक्षित किया जाए।

हर योग्य युवा को अवसर मिले

अपने कार्यकाल के बाद किस उपलब्धि के लिए याद किया जाना चाहेंगे, इस सवाल पर विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी कोशिश यही है कि उपलब्ध संसाधनों और परिस्थितियों में हर योग्य एवं प्रतिभावान युवा को आगे बढ़ने का अवसर मिले।उन्होंने खेल के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। हरियाणा और ओडिशा के खेल मॉडल का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। कबड्डी और हॉकी के अलावा बस्तर सहित प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में मलखंभ, एथलेटिक्स और अन्य खेलों में भी प्रतिभाशाली युवा मौजूद हैं।

कार्यक्रम के अंत में माहौल पूरी तरह अनौपचारिक हो गया। बिलासपुर के खान-पान को लेकर पूछे गए सवाल पर तोमर ने मुस्कुराते हुए कहा कि अच्छी चाट या गोलगप्पे मिल जाएं तो वे जरूर खाना पसंद करेंगे।

  • Related Posts

    खेत-खलिहान से सत्ता के शिखर तक, छात्र राजनीति ने गढ़ा अरुण साव का सफर हमर पहुना’ में उप मुख्यमंत्री ने साझा किए जीवन के अनकहे किस्से, संघ की शाखा से एबीवीपी के संघर्ष और रक्तदान अभियान तक का सफर किया बयां

    खेत-खलिहान से सत्ता के शिखर तक, छात्र राजनीति ने गढ़ा अरुण साव का सफर हमर पहुना’ में उप मुख्यमंत्री ने साझा किए जीवन के अनकहे किस्से, संघ की शाखा से…

    राजेंद्र नगर की राशन दुकान वर्षों से दूसरे स्थान पर, उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानीमैग्नेटो मॉल के पास संचालित हो रही दुकान को मूल क्षेत्र में लाने की मांग, खाद्य विभाग ने दिया जल्द कार्रवाई का भरोसा

    राजेंद्र नगर की राशन दुकान वर्षों से दूसरे स्थान पर, उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानीमैग्नेटो मॉल के पास संचालित हो रही दुकान को मूल क्षेत्र में लाने की मांग, खाद्य विभाग…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *