संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी प्रशंसा पांडे दिल्ली रवाना होने से पहले बिलासा कन्या महाविद्यालय में हुआ सम्मान, प्राध्यापकों ने दी शुभकामनाएं
बिलासपुर। संसद भवन, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने जा रहीं बिलासपुर की प्रशंसा पांडे को उनके महाविद्यालय शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सम्मानित कर शुभकामनाएं दी गईं। दिल्ली रवाना होने से पहले महाविद्यालय के प्राचार्य कमलेश सर सहित प्रोफेसर मंजू माधुरी बाजपेयी, चौधरी सर, सिन्हा मैडम, सीमा मिश्रा और डॉ. पूजा शर्मा सहित अन्य प्राध्यापकों ने प्रशंसा पांडे का अभिनंदन किया।प्रशंसा पांडे का चयन 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर संसद भवन, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। वे नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता रह चुकी हैं। इसके अलावा विकसित भारत लीडर्स डायलॉग में भी उन्होंने राज्य स्तर पर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है।प्रशंसा पिछले दो वर्षों से नेशनल यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से विधानसभा स्तर पर युवाओं का प्रतिनिधित्व करती आ रही हैं। युवा नेतृत्व के क्षेत्र में उनके कार्यों को देखते हुए युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से उन्हें Youth Icon की उपाधि भी प्राप्त हुई है।
Youth Icon के रूप में प्रशंसा पांडे ने नशामुक्त भारत अभियान सहित युवाओं से जुड़े कई राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सहभागिता की है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के साथ आयोजित ‘खेल की बात’ और युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों में भी उन्होंने Youth Icon के रूप में भाग लिया है।संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रशंसा पांडे के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बिलासपुर की बेटी का राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना शहर और प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक अवसर के रूप में देखा जा रहा है।




