देर रात ढाई बजे हैवन्स पार्क होटल के बाहर हाई-वोल्टेज ड्रामा, पुलिस के सामने गाड़ी में बैठकर चली गई युवती; देर रात बार संचालन पर उठे सवाल

देर रात ढाई बजे हैवन्स पार्क होटल के बाहर हाई-वोल्टेज ड्रामा, पुलिस के सामने गाड़ी में बैठकर चली गई युवती; देर रात बार संचालन पर उठे सवाल??

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित चर्चित हैवन्स पार्क होटल में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात करीब ढाई बजे जमकर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। होटल में स्पा सेंटर में काम करने वाली एक युवती के शराब के नशे में हंगामा करने का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि पूरा विवाद होटल के बिल को लेकर शुरू हुआ, जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि होटल के बाहर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। युवती ने होटल के पब/बार में शराब पी थी। इसके बाद बिल भुगतान को लेकर विवाद हुआ और होटल के बाउंसरों ने युवती को बाहर निकाल दिया। लेकिन इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। युवती ने होटल के बाहर ही जमकर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है।

बाउंसरों से लेकर पुलिस तक… नहीं थमा हंगामा

हंगामे की सूचना के बाद डायल-112 और सिविल लाइन थाना की पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने युवती को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। वीडियो में युवती को होटल स्टाफ के सामने हंगामा करते हुए देखा जा रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पुलिस मौके पर पहुंच चुकी थी, तो स्थिति को नियंत्रित करने के बाद आगे की कार्रवाई क्या की गई?

पुलिस के सामने गाड़ी में बैठकर चली गई युवती

घटना का सबसे अहम पहलू यह बताया जा रहा है कि काफी देर तक हंगामा होने के बाद युवती पुलिस की मौजूदगी में अपनी गाड़ी तक पहुंची और फिर गाड़ी में बैठकर वहां से चली गई। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।यह भी चर्चा है कि युवती का मोबाइल थाना ले जाने की बात कही गई थी, लेकिन उसे थाने ले जाने के बजाय वह मौके से चली गई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

देर रात ढाई बजे तक बार-पब संचालन पर सवाल

अब सबसे बड़ा सवाल होटल से ज्यादा देर रात तक बार और पब के संचालन को लेकर उठ रहा है। यदि घटनाक्रम रात करीब ढाई बजे का है और शराब सेवन के बाद विवाद हुआ, तो सवाल यह है कि आखिर इतनी देर रात तक शराब परोसने की अनुमति किस आधार पर थी?

क्या होटल के बार-पब के संचालन का समय निर्धारित नियमों के अनुरूप था?

क्या मौके पर शराब परोसने की अनुमति थी?

और यदि नियमों का उल्लंघन हुआ था, तो संबंधित विभाग ने क्या कार्रवाई की?

 

पिछले सप्ताह भी हंगामे की चर्चा

स्थानीय स्तर पर यह भी बताया जा रहा है कि पिछले सप्ताह भी इसी युवती द्वारा होटल में हंगामा किए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि, उस घटना का कोई वीडियो सामने नहीं आया था। इस बार वीडियो सामने आने के बाद होटल में देर रात होने वाली गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

थाना प्रभारी ने कहा—जानकारी लेकर बताएंगे

मामले को लेकर जब सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवट से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने घटना की जानकारी नहीं होने की बात कहते हुए जानकारी लेकर बताने की बात कही। खबर लिखे जाने तक इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।अब सवाल सिर्फ एक युवती के हंगामे का नहीं, बल्कि रात करीब ढाई बजे तक होटल के बार-पब के संचालन, शराब सेवन के बाद हुए विवाद और मौके पर पहुंची पुलिस की कार्रवाई का भी है।वीडियो सामने आने के बाद अब देखना होगा कि पुलिस और आबकारी विभाग इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और देर रात तक शराब परोसे जाने की स्थिति में जिम्मेदारी किसकी तय होती है।

  • Related Posts

    खेत-खलिहान से सत्ता के शिखर तक, छात्र राजनीति ने गढ़ा अरुण साव का सफर हमर पहुना’ में उप मुख्यमंत्री ने साझा किए जीवन के अनकहे किस्से, संघ की शाखा से एबीवीपी के संघर्ष और रक्तदान अभियान तक का सफर किया बयां

    खेत-खलिहान से सत्ता के शिखर तक, छात्र राजनीति ने गढ़ा अरुण साव का सफर हमर पहुना’ में उप मुख्यमंत्री ने साझा किए जीवन के अनकहे किस्से, संघ की शाखा से…

    राजेंद्र नगर की राशन दुकान वर्षों से दूसरे स्थान पर, उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानीमैग्नेटो मॉल के पास संचालित हो रही दुकान को मूल क्षेत्र में लाने की मांग, खाद्य विभाग ने दिया जल्द कार्रवाई का भरोसा

    राजेंद्र नगर की राशन दुकान वर्षों से दूसरे स्थान पर, उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानीमैग्नेटो मॉल के पास संचालित हो रही दुकान को मूल क्षेत्र में लाने की मांग, खाद्य विभाग…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *