पत्रकारों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य की चिंता, प्रेस क्लब की बड़ी पहल अध्यक्ष अजीत मिश्रा के प्रयासों से अपोलो के साथ हुआ एमओयू, रियायती दरों पर मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
बिलासपुर, पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले पत्रकारों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को लेकर बिलासपुर प्रेस क्लब ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा के प्रयासों से बिलासपुर प्रेस क्लब और अपोलो हॉस्पिटल के बीच एमओयू साइन किया गया है।इस समझौते के बाद प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों और उनके परिवार के सदस्यों को अपोलो हॉस्पिटल में उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं रियायती दरों पर उपलब्ध कराने की दिशा में रास्ता साफ हो गया है। लंबे समय से पत्रकारों के लिए बेहतर और किफायती स्वास्थ्य सुविधा की जरूरत महसूस की जा रही थी।
अब इलाज के लिए नहीं भटकेंगे पत्रकार
पत्रकारिता से जुड़े अधिकांश लोग मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बीच गंभीर बीमारी या बड़े चिकित्सा खर्च की स्थिति परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन जाती है। ऐसे में प्रेस क्लब और अपोलो के बीच हुआ यह समझौता पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए राहत देने वाला कदम माना जा रहा है।
इस पहल के तहत पत्रकारों के साथ उनके परिवारों को भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
जल्द आयोजित होगा मेगा हेल्थ कैंप
एमओयू के बाद प्रेस क्लब और अपोलो प्रबंधन की ओर से पत्रकारों एवं उनके परिजनों के लिए मेगा हेल्थ कैंप आयोजित करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।इस स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श उपलब्ध कराने की योजना है। प्रेस क्लब पदाधिकारियों के मुताबिक मेगा हेल्थ कैंप जल्द आयोजित किया जाएगा, जिससे पत्रकार और उनके परिवार समय रहते अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच करा सकेंगे।
कॉर्पोरेट हेल्थ इंश्योरेंस की तैयारी अंतिम दौर में
स्वास्थ्य सुविधा के साथ-साथ बिलासपुर प्रेस क्लब पत्रकारों के लिए कॉर्पोरेट हेल्थ इंश्योरेंस की दिशा में भी काम कर रहा है। बीमा कंपनियों के साथ बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।प्रस्तावित योजना में पत्रकारों के साथ उनके परिजनों को भी शामिल किए जाने की तैयारी है। यदि यह व्यवस्था अंतिम रूप लेती है तो पत्रकार परिवारों को अचानक आने वाले बड़े चिकित्सा खर्च से आर्थिक सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।
अजीत मिश्रा के कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धि
पत्रकारों के स्वास्थ्य से जुड़ी इस पहल को प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा के कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में माना जा रहा है। अध्यक्ष बनने के बाद से ही मिश्रा पत्रकार हित से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं।स्वास्थ्य सुविधा को लेकर अपोलो प्रबंधन के साथ लगातार बातचीत और प्रयासों के बाद अब यह पहल एमओयू के रूप में सामने आई है।प्रेस क्लब का कहना है कि पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य सेवा को सहज, सुलभ और किफायती बनाना केवल सुविधा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि पत्रकार कल्याण की दिशा में एक आवश्यक कदम है।
एमओयू के दौरान ये रहे मौजूद
अपोलो के एचआर डिपार्टमेंट में प्रबंधन के साथ हुए एमओयू के दौरान बिलासपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष तिलक राज सलूजा, वरिष्ठ पत्रकार शादाब खान और सैय्यद जफर मौजूद रहे।
पत्रकार हित में नई पहल
बिलासपुर प्रेस क्लब के इतिहास में पत्रकारों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को लेकर इस तरह की संस्थागत पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एमओयू के जरिए प्रेस क्लब ने यह संदेश दिया है कि पत्रकारों की जिम्मेदारियों के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और परिवार की सुरक्षा भी संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है।




