हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की… बिलासपुर में धूमधाम से मनी कृष्ण जन्माष्टमी.45 वर्षों से कायम है मलखंभ प्रतियोगिता की परंपरा, देर रात फूटी मटकी
बिलासपुर। शहर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव यानी जन्माष्टमी का पर्व पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में करोना चौक पर पिछले 45 वर्षों से चली आ रही मलखंभ प्रतियोगिता का आयोजन इस वर्ष भी परंपरागत तरीके से किया गया। आयोजन स्थल पर शाम से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी और देर रात तक उत्साह का माहौल बना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विधायक अमर अग्रवाल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा संपन्न होने के बाद मलखंभ प्रतियोगिता शुरू हुई। खिलाड़ियों ने लकड़ी के खंभे पर हैरतअंगेज करतब और शारीरिक कौशल का प्रदर्शन कर लोगों की खूब तालियां बटोरीं।मलखंभ भारत की प्राचीन पारंपरिक खेल एवं व्यायाम विधाओं में से एक है। करोना चौक पर आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता पिछले चार दशकों से भी अधिक समय से शहर की खेल और सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा बनी हुई है। 45 वर्षों से लगातार आयोजन होने के कारण यह कार्यक्रम आज भी स्थानीय लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र है।कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, भाजपा नेत्री किरण सिंह, सराफा संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी, सीएमडी कॉलेज के चेयरमैन संजय दुबे, प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा सहित आयोजन समिति के बसंत शर्मा, हबीब मेमन, अरविंद गुलहरे, अनिक केसरवानी, लक्की यादव, रोनित और जानू समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
देर रात फूटी मटकी, पहले ही ग्रुप ने मारी बाजी
शाम से शुरू हुए आयोजन का सबसे रोमांचक मुकाबला देर रात देखने को मिला। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के निर्धारित समय के बाद मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। ग्रीस लगे खंभे पर चढ़ने के लिए प्रतिभागियों ने शाम से ही जोर आजमाइश शुरू कर दी थी।रात करीब साढ़े 12 बजे आयोजन समिति ने तीन-तीन प्रतिभागियों के ग्रुप बनाकर उन्हें मटकी फोड़ने का मौका दिया। प्रतियोगिता के पहले ही ग्रुप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खंभे पर चढ़कर मटकी फोड़ दी। मटकी फूटते ही पूरा परिसर “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा।
विजेता प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
समापन अवसर पर नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष ललित मखीजा और समाजसेवी जवाहर सराफ अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मटकी फोड़ने वाले विजेता प्रतिभागियों यश यादव, आर्यन यादव और रितेश नामदेव को नगद 15 हजार रुपये,
शील्ड और सदर बाजार के व्यापारियों की ओर से गिफ्ट हैम्पर प्रदान कर सम्मानित किया।अतिथियों ने तीनों विजेताओं का माला पहनाकर स्वागत किया और उनके उत्साह की सराहना की।आयोजकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय खेल, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलता है। करोना चौक की 45 साल पुरानी मलखंभ प्रतियोगिता आज भी इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए जन्माष्टमी के पर्व को खास बना रही है।




