बिलासपुर में 22 नवंबर को होगा भव्य मैराथन आयोजन, देशभर के धावक दिखाएंगे दमखम21 किलोमीटर सहित चार श्रेणियों में होगी दौड़, 36 विजेताओं को मिलेंगे एक लाख रुपये के नकद पुरस्कार, अब तक 450 से अधिक रजिस्ट्रेशन
बिलासपुर। शहर में फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तेज क्लब द्वारा 22 नवंबर को बिलासपुर मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। गांधी चौक स्थित मिनी स्टेडियम से शुरू होने वाली इस मैराथन में 3, 5, 10 और 21 किलोमीटर की चार श्रेणियों में धावक हिस्सा लेंगे। खास बात यह है कि इस आयोजन में बिलासपुर के साथ-साथ लखनऊ, राजस्थान, बिहार सहित देश के अलग-अलग शहरों से भी धावक शामिल होंगे। अब तक 450 से अधिक प्रतिभागियों का पंजीयन हो चुका है और आयोजकों का लक्ष्य एक हजार धावकों को जोड़ने का है।आयोजन को लेकर आज बिलासपुर प्रेस क्लब में सृजन सोनी, प्रणय सिंह ठाकुर और आस्था खरे ने पत्रकारों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले केवल सात लोगों के साथ रनिंग कम्युनिटी की शुरुआत की गई थी, जो आज एक बड़े समूह का रूप ले चुकी है। प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले रन में अब करीब 200 लोग शामिल होते हैं, जबकि क्लब के व्हाट्सएप ग्रुप से लगभग चार हजार लोग जुड़े हुए हैं।इस मैराथन की खासियत यह भी होगी कि धावकों की दौड़ का समय रिकॉर्ड करने के लिए आधुनिक टाइमिंग चिप का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी को चिप दी जाएगी, जिससे उसकी दौड़ का सटीक समय और प्रदर्शन रिकॉर्ड किया जा सकेगा। प्रतियोगिता में 36 विजेताओं के लिए कुल एक लाख रुपये के नकद पुरस्कार रखे गए हैं।मैराथन की शुरुआत सुबह 4:30 बजे रिपोर्टिंग के साथ होगी। 21 किलोमीटर की दौड़ सुबह 5:30 बजे, 10 किलोमीटर सुबह 6 बजे, 5 किलोमीटर सुबह 6:30 बजे और 3 किलोमीटर की दौड़ सुबह 7 बजे शुरू होगी। तीन किलोमीटर की श्रेणी में बच्चे, परिवार और आम नागरिक भी हिस्सा ले सकेंगे।प्रतियोगिता में तीन आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रतिभागियों को उनकी श्रेणी के अनुसार टी-शर्ट, मेडल और फूड बॉक्स दिया जाएगा। वहीं दौड़ पूरी करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को फिनिशर मेडल मिलेगा।धावकों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे रूट पर स्वयंसेवकों की तैनाती, पानी और ओआरएस के काउंटर, फल और जरूरी खाद्य सामग्री की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा दो एंबुलेंस, मेडिकल किट और फिजियोथेरेपिस्ट भी मौजूद रहेंगे। मैराथन पूरी होने के बाद प्रतिभागियों को नि:शुल्क फिजियोथेरेपी की सुविधा भी दी जाएगी।आयोजकों ने बताया कि मैराथन का 21 किलोमीटर का रूट गांधी चौक मिनी स्टेडियम से शुरू होकर तारबाहर चौक, अग्रसेन चौक, राजेंद्र नगर चौक, नेहरू चौक और महामाया चौक होते हुए कोनीपुर स्टेशन तक जाएगा। वहां से धावक यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे। यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन से समन्वय किया जा रहा है।आयोजन के अंत में कॉफी पार्टी, संगीत और मनोरंजन का कार्यक्रम भी रखा गया है। आयोजकों का कहना है कि बिलासपुर मैराथन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शहर में फिटनेस, स्वास्थ्य और सामुदायिक सहभागिता की संस्कृति विकसित करने की एक पहल है।





