रायपुर में राज्य महिला आयोग की जनसुनवाई, 28 प्रकरणों की हुई सुनवाई; 7 मामले नस्तीबद्ध, पीड़ित महिलाओं को राहत
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में रायपुर में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से जुड़े विभिन्न विवादों और शिकायतों पर सुनवाई करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। जिले के कुल 50 प्रकरणों में से अब तक 28 प्रकरणों की सुनवाई की जा चुकी है, जिनमें 7 प्रकरणों को नस्तीबद्ध किया गया है।जनसुनवाई के दौरान एक मामले में अनावेदक ने आवेदिका को 4 नवंबर को एकमुश्त 5 लाख रुपये देने पर सहमति जताई। वहीं, आवेदिका 31 अक्टूबर को महिला पुलिसकर्मी और सखी वन स्टॉप सेंटर की टीम की मौजूदगी में अपने ससुराल से सामान ले सकेगी।संपत्ति विवाद से जुड़े एक अन्य मामले में ग्राम बिरकोनी स्थित 2 एकड़ खेत और छेरीखेड़ी स्थित मकान का एक महीने के भीतर आवेदिका के नाम पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही बच्चों का ट्रांसफर सर्टिफिकेट यानी टीसी दिलाने के लिए भी कहा गया।घरेलू विवाद के एक प्रकरण में आवेदिका को विधिक सहायता के माध्यम से अधिवक्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिसके बाद प्रकरण नस्तीबद्ध किया गया। वहीं, आपसी सहमति से साथ रहने के लिए तैयार एक अन्य मामले में अनावेदक को मारपीट नहीं करने और आवेदिका को हर महीने 5 हजार रुपये देने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, एक दिव्यांग आवेदिका की लिफ्ट को नवंबर महीने तक ठीक कराने के लिए संबंधित अनावेदक को समय दिया गया।
जनसुनवाई के दौरान शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने की शिकायत पर भी कार्रवाई की गई। आयोग के निर्देशानुसार टिकरापारा थाने में अनावेदक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 64(2)(m) और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
वहीं, तीन प्रकरणों में अनावेदकों के अनुपस्थित रहने पर आगामी सुनवाई में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
इस जनसुनवाई में संभाग प्रभारी सदस्य श्रीमती सरला कोशरिया, सदस्य श्रीमती ओजस्वी मंडावी, रायपुर संभाग प्रभारी श्रीमती मंजू थदानी, डीएसपी स्नेहा आकाश राव, महिला थाना प्रभारी मौर्य, सखी वन स्टॉप सेंटर की काउंसलर नीति सिंह, संरक्षण अधिकारी प्रीति पाण्डेय सहित आयोग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
राज्य महिला आयोग की इस जनसुनवाई में महिलाओं की शिकायतों पर सुनवाई करते हुए आर्थिक सहायता, संपत्ति विवाद, घरेलू हिंसा और अन्य मामलों में आवश्यक निर्देश दिए गए।






