नर्मदा नगर में आवासीय कॉलोनी के बीच बढ़ा व्यवसाय, रहवासियों की बढ़ी परेशानीखाली प्लाटों में गाड़ियों का जमावड़ा, सर्विस सेंटर और कोचिंग से बढ़ी आवाजाही; संकरी गलियों में पार्किंग बनी समस्या
बिलासपुर। शहर की प्रमुख आवासीय कॉलोनियों में शामिल नर्मदा नगर में आवासीय क्षेत्र के भीतर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने से रहवासियों की परेशानियां बढ़ने लगी हैं। कॉलोनी के कुछ खाली प्लाटों और मकानों में वाहनों की खरीदी-बिक्री, एसी एवं कार सर्विसिंग तथा कोचिंग सेंटर जैसी गतिविधियां संचालित होने की बात सामने आई है। इससे कॉलोनी में बाहरी लोगों और वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है, वहीं पार्किंग और आवागमन की समस्या भी सामने आ रही है।रहवासियों के मुताबिक, कुछ खाली प्लाटों में बड़ी संख्या में वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इसके चलते संकरी गलियों में आवागमन प्रभावित होता है और कई बार लोगों को अपने वाहन निकालने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। दिनभर वाहनों की आवाजाही और पार्किंग के कारण कॉलोनी का सामान्य रिहायशी माहौल भी प्रभावित हो रहा है। वर्षों पहले बिलासपुर विकास प्राधिकरण से आवासीय उपयोग के लिए प्लाट लेने के बाद भी कई जगहों पर अब तक निर्माण नहीं किया गया है। ऐसे कुछ खाली प्लाटों को किराए पर देकर वहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने की शिकायत रहवासियों ने की है नागरिकों का कहना है कि आवासीय कॉलोनी में लगातार बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों से भविष्य में विवाद और कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। रहवासियों ने नगर निगम से मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा आवासीय क्षेत्र में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की हैरहवासियों का कहना है कि समय रहते इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में पार्किंग, यातायात और शांति व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं और बढ़ सकती हैं।




