तीज मिलन में सजी सुहागिनों की महफिल, मानसी होनप के नृत्य ने बांधा समां उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया तीज पर्व, गीत-संगीत और मनोरंजक खेलों में महिलाओं ने लिया हिस्सा
बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब में तीज पर्व के अवसर पर तीज मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। समारोह में प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों एवं उनके परिवारों की महिलाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता निभाई। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने गीत-संगीत, नृत्य और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लेकर तीज पर्व की खुशियां साझा कीं।समारोह में मानसी होनप की शानदार नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उनकी मनमोहक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं का उत्साह बढ़ा दिया और पूरा परिसर तालियों की गूंज से भर उठा। इसके साथ ही विभिन्न गीतों की प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में रंग भर दिया। गीत-संगीत और नृत्य के बीच महिलाओं ने जमकर उत्सव का आनंद लिया।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ खेलों में हिस्सा लिया और एक-दूसरे के साथ तीज की खुशियां बांटीं। महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाया।आयोजन के दौरान प्रतिभागी महिलाओं को उपहार स्वरूप साड़ी एवं श्रृंगार सामग्री प्रदान की गई। उपहार पाकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम के दौरान हंसी-खुशी, गीत-संगीत और आपसी मेल-जोल का माहौल बना रहा।इस अवसर पर महिलाओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन पत्रकार परिवारों के बीच आपसी जुड़ाव और आत्मीयता को मजबूत करने के साथ-साथ हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। तीज जैसे पारंपरिक पर्व सामाजिक सौहार्द और पारिवारिक एकजुटता को बढ़ावा देते हैं, इसलिए ऐसे आयोजन लगातार होते रहने चाहिए।समारोह में शीला पाठक, स्वाति मिश्रा, भारती दुबे, प्रियंका गहवई, मानसी होनप अचला तिवारी ज्योति तिवारी, मंजू खरे, संतोषी वर्मा, दुर्गा पटेल, पूजा नवरंग, प्राची गोले, पूजा मिश्रा, ऋतु साहू, प्रियंका सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष तिलक राज सलूजा एवं वीरेंद्र गहवई, रवि शुक्ला, प्रवीण ठाकुर, संतोष मिश्रा, भुवन वर्मा, प्रिय दुबे, सैयद जफर, सुरेश खरे, रज्जू कोसले, शेयज एवं शिव तिवारी सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।




