सर्व विप्र महिला समाज ने मनाया तीज मिलन समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता दिल
बिलासपुर। सर्व विप्र महिला समाज द्वारा रविवार को इमलीपारा स्थित होटल टोपाज में तीज मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने उत्साह के साथ सहभागिता की और तीज पर्व की खुशियां एक-दूसरे के साथ साझा कीं।समारोह के दौरान महिलाओं और बच्चों ने गीत, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए सभी का मन मोह लिया। अलग-अलग पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं और सोलह श्रृंगार में उनका उत्साह समारोह का खास आकर्षण रहा।कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं और मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। वहीं आयोजन स्थल पर महिलाओं द्वारा विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए थे, जहां ज्वेलरी, कपड़े सहित अन्य सामग्रियों की जमकर खरीदारी हुई।समाज की अध्यक्ष ऋचा पाठक ने बताया कि तीज मिलन समारोह का आयोजन हर वर्ष महिलाओं के बीच आपसी मेल-जोल बढ़ाने और समाज में एकजुटता बनाए रखने के उद्देश्य से किया जाता है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे समाज की महिलाएं एक-दूसरे से जुड़ सकें और पारंपरिक त्योहारों को मिल-जुलकर उत्साह के साथ मना सकें।वहीं समाज की पीआरओ वर्षा तिवारी ने कार्यक्रम में शामिल हुई सभी
महिलाओं और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।तीज मिलन समारोह में श्रुति पांडेय, गायत्री शुक्ला, नेहा मिश्रा, वर्षा तिवारी, वंदना मिश्रा, अंशुल पांडेय, संध्या पांडेय, नीलिमा शर्मा, श्वेता शुक्ला, गायत्री तिवारी, प्रेमलता तिवारी, सविता पांडेय, अदिति मिश्रा, अल्का पांडेय, पिंकी पांडेय, वर्षा दुबे एवं विजयलक्ष्मी शर्मा सहित समाज की अन्य सदस्य मौजूद रहीं।समारोह का उद्देश्य महिलाओं को एक-दूसरे से जोड़ना, पारंपरिक त्योहारों को उत्साहपूर्वक मनाना और सामाजिक एकजुटता को और मजबूत करना रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।




