पंच से संसद  फिर मंत्रालय तक… ‘हमर पहुना’ में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने सुनाया संघर्ष का सफर, बिलासपुर में रखा विकास का विजन

पंच से संसद  फिर मंत्रालय तक… ‘हमर पहुना’ में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने सुनाया संघर्ष का सफर, बिलासपुर में रखा विकास का विजन

बिलासपुर प्रेस क्लब के लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम “हमर पहुना” में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं विकास के सांसद तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सवालों का बेबाकी से जवाब देते हुए अपने राजनीतिक जीवन, मंत्री बनने के अनुभव और बिलासपुर में विकास को लेकर केंद्र सरकार की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

तोखन साहू ने बताया कि उनका राजनीतिक सफर किसी राजनीतिक परिवार से नहीं, बल्कि एक साधारण ग्रामीण परिवार से शुरू हुआ। निजी क्षेत्र में अकाउंटेंट की नौकरी करते हुए उन्होंने सबसे पहले पंच का चुनाव लड़ा। इसके बाद जनता के विश्वास और लगातार मेहनत के दम पर वे सरपंच, जनपद सदस्य, विधायक, सांसद और आज केंद्र सरकार में राज्य मंत्री के पद तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह सफर संघर्ष, संगठन और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंत्री बनने का दिलचस्प अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि एक दिन अचानक प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से फोन आया। पहले तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ कि इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलने वाली है। इसके बाद उन्हें दिल्ली बुलाया गया और केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि यह पल उनके जीवन का सबसे यादगार और भावुक क्षण था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपनी पहली मुलाकात का जिक्र करते हुए तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने हर सहयोगी की कार्यशैली, क्षेत्र और पृष्ठभूमि की गहरी जानकारी रखते हैं। उनकी कार्यशैली, अनुशासन और काम के प्रति समर्पण ने उन्हें सबसे अधिक प्रभावित किया।

बिलासपुर के विकास को लेकर उन्होंने कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए लगभग 290 एकड़ भूमि उपलब्ध करा दी गई है और नाइट लैंडिंग सुविधा भी सुनिश्चित हो चुकी है। आने वाले समय में यहां से हवाई सेवाओं का और विस्तार होगा।

रेलवे क्षेत्र में उन्होंने बताया कि 58 ट्रेनों के स्टॉपेज फिर से बहाल किए गए हैं। वहीं प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

शहर की ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए 32 किलोमीटर लंबे बाइपास की डीपीआर तैयार की जा रही है, जिससे भविष्य में शहर के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

तोखन साहू ने कहा कि अरपा नदी संरक्षण, रतनपुर महामाया कॉरिडोर, शहर के तालाबों के सौंदर्यीकरण और प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर केंद्र और राज्य सरकार लगातार काम कर रही हैं। अरपा नदी को स्वच्छ बनाने के लिए बड़े सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की योजना पर भी कार्य जारी है।

छत्तीसगढ़ी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस विषय पर उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष पहल की है और उन्हें उम्मीद है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सकारात्मक निर्णय सामने आएगा।उन्होंने अपनी निजी जीवनशैली का भी जिक्र किया और कहा कि वे नियमित योग करते हैं, मिलेट आधारित भोजन को प्राथमिकता देते हैं तथा अपने घर में जैविक खेती को बढ़ावा देने का प्रयास करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में पत्रकारों ने “हमर पहुना” को जनप्रतिनिधियों और मीडिया के बीच सार्थक संवाद का प्रभावी मंच बताया। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, पदाधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार और बड़ी संख्या में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

  • Related Posts

    बिलासपुर में किन्नर की बेरहमी से हत्या! मारपीट के बाद गला दबाकर मौत, सड़क किनारे मिली लाश!

    बिलासपुर में किन्नर की बेरहमी से हत्या! मारपीट के बाद गला दबाकर मौत, सड़क किनारे मिली लाश! बिलासपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है सकरी थाना क्षेत्र के जोंकी…

    गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने देशव्यापी अभियान का ऐलान, गोहत्या पर केंद्रीय कानून की उठी मांग!

    गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने देशव्यापी अभियान का ऐलान, गोहत्या पर केंद्रीय कानून की उठी मांग बिलासपुर,  गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने और पूरे देश में गोहत्या पर…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *