बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने युवा उड़ान कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के युवाओं की समस्याओं, उनकी प्रतिभा और भविष्य की संभावनाओं को लेकर अपने विचार रखे।उन्होंने कहा कि युवाओं की क्षमता और योग्यता के अनुरूप उन्हें शासन की ओर से अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। शिक्षा, कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक भागीदारी जैसे विषयों पर ध्यान देना प्राथमिकता में शामिल है। युवा उड़ान कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की समस्याओं को समझकर उन्हें संबंधित विभागों और उचित मंचों तक पहुंचाना है।विश्वविजय सिंह तोमर ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर मिलने चाहिए। इसके लिए युवाओं की
आवश्यकताओं को समझना और उनके विकास के लिए उचित प्रयास करना जरूरी है।उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार की भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले नेता और अधिकारियों के बच्चों के प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित होकर उच्च पदों तक पहुंचने की स्थिति थी। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार में पारदर्शिता के साथ परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि आज मजदूरों और किसानों सहित गरीब परिवारों के बच्चों को भी उनका हक और सम्मान मिल रहा है।उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा, रोजगार, खेल और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि प्रदेश की युवा तरुणाई अपनी क्षमता का पूरा उपयोग कर सके।





